24 करोड़ मवेशियों को खुरपका-मुंहपका रोग का टीका लगा
खुरपका और मुंहपका रोग (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण में पूरे देश में अब तक 25.8 करोड़ मवेशियों की लक्षित आबादी (राज्यों द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार) में से लगभग 24 करोड़ मवेशियों और भैंसों को कवर किया गया है। यानी 95 प्रतिशत से ज्यादा सार्वभौमिक कवरेज तक पहुंचा गया है, जो कि हर्ड इम्यूनिटी स्तर से बहुत ज्यादा है।
यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा 100 प्रतिशत वित्तपोषित है जो एफएमडी के खिलाफ टीकों की खरीद करता है और राज्यों को आपूर्ति करता है जिससे राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों को अभियान मोड में टीकाकरण करने में सक्षम बनाया जा सके। पशुपालकों को अपने पशुओं का टीकाकरण कराने के लिए विभिन्न सूचनाओं, शिक्षा एवं संचार के माध्यम से संवेदनशील और जागरूक बनाया जाता है और इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए पशुधन स्वास्थ्य कार्यकतार्ओं/पशु चिकित्सकों से संपर्क करना होता है।
भारत में खुरपका और मुंहपका रोग पशुधन की एक प्रमुख बीमारी है। इससे दूध के उत्पादन में कमी होने से पशुपालकों को बहुत आर्थिक नुकसान होता है। इस समस्या से निपटने के लिए, पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) ने 2019 में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) की शुरुआत की जो अब पशुधन स्वास्थ्य और रोग नियंत्रण कार्यक्रम का एक हिस्सा है। वर्तमान में इसके तहत सभी मवेशियों का टीकाकरण किया जा रहा है। ’

Recent Comments