Krishi Chaupal

सुरैया के लिए देव आनंद गहरे पानी में कूद पड़े थे

सुरैया के लिए देव आनंद गहरे पानी में कूद पड़े थे

Jan 4, 2024
Share this:

प्रेम की कहानियां हमेशा फिल्मी नहीं होती और ये भी कोई जरूरी नहीं होता कि मोहब्बत की हर कहानी फिल्मों की तरह हैप्पी एंडिंग वाली हो। ये भी हमेशा मुमकिन नहीं कि जिस रोमांटिक हीरो पर हर फिल्मी हसीना दीवानी हो जाती है और उसे चाहती है फिर उसे असल जिंदगी में भी वही मोहब्बत नसीब हो जाए। कम से कम देव आनंद की लवस्टोरी पर तो यही बात सही साबित होती है जिन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट से लेकर कलर फिल्मों के दौर तक फिल्मी पर्दे पर मोहब्बत के कई रंग भरे लेकिन खुद की मोहब्बत बेरंग ही रह गई जिसे पाने की खातिर वो गहरे पानी में छलांग लगाने से नहीं कतराए उसे चाह कर भी हासिल नहीं कर सके। देव आनंद को अपनी कोस्टार सुरैया से बेपनाह मोहब्बत थी। वो खुद अपनी जिंदगी पर लिखी किताब और कुछ इंटरव्यूज में अपने प्यार का इजहार कर चुके हैं।

देव आनंद और सुरैया एक गाने की शूटिंग के दौरान नाव पर सवार थे। सुरैया अचानक नाव से फिसलकर पानी में गिर गईं। देव आनंद ने भी बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी ताकि सुरैया को बचा सकें। खुद उन्होंने इस बारे में कहा कि पहला प्यार क्या होता है ये समझा जा सकता है और सबसे बड़ी तकलीफ ये कि उसे कभी पा न सकें। उस दौर में देव आनंद ने तीन हजार रुपये इकठ्ठा कर सुरैया को हीरे की अंगूठी गिफ्ट की थी। देवानंद ने इस तोहफे की खातिर कितनी मेहनत की है सुरैया खूब जानती थीं लेकिन सुरैया की नानी को उनका ये रिश्ता कबूल नहीं था। वैसे तो सुरैया की मां देव आनंद को पसंद करती थीं लेकिन नानी के सामने उनकी एक न चली। नानी ने सुरैया और देव आनंद के मिलने पर पाबंदी लगा दी और वो अंगूठी भी ले ली। इसके कुछ समय बाद देव आनंद ने कल्पना कार्तिक से शादी कर ली लेकिन सुरैया ने अपनी मोहब्बत के साथ पूरी उम्र अकेले ही गुजार दी।

Share this: