लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं एक आंदोलन है
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि योजना बनाकर लाड़ली बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। बाकी पैसे राज्य सरकार भरेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिन गरीब बहनों के नाम छूट गए हैं उन बहनों से आवेदन लेकर लाड़ली बहना आवास योजना में उनका पक्का घर बनाया जाएगा। जिन गरीब लाड़ली बहनों के बिजली के बढ़े हुए बिल आए हैं उनके बढ़े बिल सरकार भरेगी। बढ़े हुए बिजली बिलों को इस महीने तक जीरो कर दिया जाएगा और अगले महीने से जिन बहनों की बिजली खपत एक किलोवाट से कम है उनके बिल सिर्फ 100 रुपये आएंगे। अगले साल से 12वीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक नंबर लाने वाले बच्चों के खाते में 25 हजार रुपये डाले जाएंगे। बारहवीं कक्षा में गांव और शहर के स्कूल में जो बच्चे प्रथम, द्वितीय, तृतीय रैंक लाएंगे उन्हें स्कूटी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं ग्वालियर में लाड़ली बहना सम्मेलन में की। उन्होंने 1.31 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1269 करोड़ रुपए भेजे।
श्री चौहान ने कहा कि सवा करोड़ लाड़ली बहनों का परिवार अब और भी बड़ा हो गया है। अब 21 से 23 साल की विवाहित बहनें एवं घर में ट्रेक्टर होने के कारण जो बहनें योजना का लाभ पाने से वंचित रह गई थीं, उन्हें जोड़कर अब यह परिवार लगभग 1.31 करोड़ बहनों का हो गया है।
श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से बहनों के जीवन में बदलाव आ रहा है। कई बहनों ने स्वयं के व्यवसाय आरंभ किए हैं। अक्टूबर माह से बहनों को 1250 रुपये प्रतिमाह जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल योजना नहीं बल्कि एक आंदोलन है। यह आंदोलन है, बहनों के दु:ख दूर करने, उनकी जिंदगी खुशहाल बनाने, उन्हें मजबूर नहीं मजबूत बनाने और उनकी जिंदगी बदलने का। बहनों का स्नेह और प्रेम मेरे लिए बिना थके, बिना रुके काम करने की प्रेरणा है।
श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार बहनों की आमदनी हर महीने 10 हजार रुपये करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। महिलाओं के स्व-सहायता समूहों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के तीन टोल टैक्स नाके चलाने तक की जिम्मेदारी भी बहनों को दी गई है। टोल टैक्स से संकलित राशि का 30 प्रतिशत बहनों को
दिया जाएगा।
हमारी सरकार प्रदेश में गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बच्चों की पढ़ाई, युवाओं को रोजगार, परिवारों के लिए आवास, गरीबों के इलाज और उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं के मान -सम्मान की सुरक्षा के लिए सजगता और दुष्टों पर कठोर कार्रवाई जारी हैं। लाड़ली बहना सेना भी बहनों की जिंदगी बदलने के लिए सक्रिय है।

Recent Comments